राहुल गांधी ने बुलाई कांग्रेस सांसदों की बैठकल :संसद में नीट पर टकराव तेज
संसद के मानसून सत्र के दौरान नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर गतिरोध लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार शाम को अपने आवास पर दोनों सदनों के कांग्रेस सांसदों की एक अहम बैठक बुलाई है। संसद में बने इस राजनीतिक तनाव के बीच विपक्ष और सरकार दोनों ही अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं।
विपक्ष ने मांग रखी है कि नीट-यूजी पेपर लीक मामले पर चर्चा तभी संभव होगी, जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा देंगे। इसके साथ ही राज्यसभा में नियम 267 के तहत अन्य सभी विधायी कार्यों को स्थगित कर तुरंत चर्चा कराने की शर्त रखी गई है। नियम 267 एक राज्यसभा सांसद को उच्च सदन में सूचीबद्ध व्यावसायिक कार्यों को निलंबित करने की मांग करने की अनुमति देता है। वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि वह नीट मामले और इससे जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष को इसके लिए कोई पूर्व शर्त नहीं रखनी चाहिए।
