मध्य प्रदेश

चलते ट्रक में लगी भीषण आग

सिवनी: जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बंजारी घाटी के पास बुधवार देर रात अनार से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और परिचालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि ट्रक और उसमें लदा अनार पूरी तरह जलकर राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनार से लदा ट्रक महाराष्ट्र के नाशिक से उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) जा रहा था। बंजारी घाटी से गुजरते समय अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही धूमा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल वाहन के पहुंचने तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा आग की भेंट चढ़ चुका था। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें भरा लाखों रुपये मूल्य का अनार पूरी तरह जल चुका था।

Leave a Reply