विदेश

एक लाख हुई 100 साल की आयु वालों की आबादी

टोक्यो:जापान में उम्र का शतक लगा चुके लोगों की तादाद एक लाख के इर्द गिर्द पहुंच गयी है। रोचक बात यह है कि इनमें लगभग 88 फीसदी महिलाएं हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह अनोखी जानकारी दी है।बीबीसी में आई रिपोर्ट में बताया गया है कि जनगणना के इस वर्ष सितम्बर तक के आंकड़े बताते हैं कि सौ वसंत देख चुके बुजुर्गों की तादाद 99,763 हो गई है। सबसे अधिक उम्र की बात करें तो औरतों में114 साल की शिगेको कागावा और 111 साल के कियोताका मिज़ुनो सबसे उम्रदराज़ पुरुष हैं।

गौरतलब है कि जापान के लोग सबसे लंबा जीने के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। इसकी खास वजह उनका संतुलित खाना और सक्रिय जीवनशैली को माना जाता है। यहां के लोग मछली तथा सब्ज़ियों का खूब सेवन करते हैं। यहां मोटापे की दर अन्य देशों की तुलना में बहुत कम है। यहां की महिलाएं कम वजन वाली होती हैं और यही वजह है कि जापानी महिलाएं, मर्दों की तुलना में अधिक उम्र तक जीवित रहती हैं। इसके अलावा सरकार भी लोगों की सेहत का खासा ध्यान रखती है। एक बात और है वो ये कि यहां के बुजुर्ग सक्रिय जिंदगी जीते हैं। ये लोग सामूहिक व्यायाम करते हैं और पैदल चलने को जीवन का हिस्सा मानते हैं। यही वजह है कि अधिक उम्र में भी वे खाली वक्त नहीं बिताते।

इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ये डेटा बढचढ़ कर भी बताए हो सकते हैं। इसकी एक मिसाल यह है कि वर्ष 2010 में हुई सरकारी जांच में 2.3 लाख से अधिक ऐसे लोगों का नाम रिकॉर्ड में पाया गया, जो कागज़ों में तो जिंदा थे पर उनका निधन पहले ही हो चुका था। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उनके परिवार सरकार से मिल रहा पेंशन का फायदा बनाए रखना चाहते थे। जो भी हो, जापान की कुल आबादी में बुजुर्गों का अनुपात लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों की संख्या देश की कुल आबादी का 29.4 प्रतिशत है। इनमें भी पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है। इन बुजुर्गों में बड़ी संख्या कामकाजी है। वर्ष 2024 में 65 वर्ष से अधिक आयु के 93 लाख लोगों के पास रोजगार था।

Leave a Reply