पुलिस दर्ज नहीं कर रही एफआईआर
मॉडल रिया अहीर ने बुधवार को आरोप लगाया कि छात्र प्रदर्शनों के बाद उन्हें लगातार परेशान किया गया। यही नहीं उन्हें ऑनलाइन दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। रिया हाल ही में हुए छात्र विरोध प्रदर्शनों के दौरान मुंबई पुलिस की वैन के सामने खड़ी हो गई थीं। इसका वीडियो वायरल हो गया और वह चर्चा में आ गईं थीं।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कई छात्र प्रदर्शनकारियों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहीर ने कहा ‘मैं मीडिया को बताना चाहती हूं कि मैं वह लड़की नहीं हूं जो मुंबई पुलिस को रोकने के लिए वायरल हुई थी। मैं वह लड़की हूं जिसने 20 बच्चों को गैर-कानूनी रूप से हिरासत में लिए जाने से रोका था। कृपया अपना नजरिया बदलें, अपनी सोच बदलें।’
अहीर ने आरोप लगाया कि उन्हें जिस विरोध का सामना करना पड़ा, वह ऑनलाइन ट्रोलिंग से कहीं ज्यादा था। उन्होंने कहा, ‘मैं इसे ट्रोलिंग नहीं कहूंगी क्योंकि यह ट्रोलिंग नहीं है, यह एक अपराध है।’ उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी सोशल मीडिया पर उनके बारे में अपमानजनक पोस्ट फैला रहे थे।
कौन हैं रिया अहीर?
27 वर्षीय मॉडल हाल ही में हुए छात्र विरोध प्रदर्शनों का एक जाना-माना चेहरा बन गईं, जब एक वीडियो में उन्हें मुंबई में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को ले जा रही पुलिस वैन के सामने हाथ फैलाकर खड़े देखा गया। यह फुटेज तेजी से वायरल हो गया और कई लोगों ने उन्हें प्रतिरोध का प्रतीक माना।
