मध्य प्रदेश

 ई-बसों का ट्रायल भोपाल में:15 अगस्त तक यात्रियों को मुफ्त सफर

भोपाल में सार्वजनिक परिवहन को इलेक्ट्रिक और आधुनिक बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ने जा रहा है। पीएम ई-बस सेवा के तहत सोमवार से यात्रियों के साथ इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल शुरू किया जाएगा। खास बात यह है कि ट्रायल अवधि में यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। यह सुविधा प्रस्तावित आधिकारिक लॉन्च 15 अगस्त तक जारी रहेगी।  यात्री सेवा शुरू करने से पहले ई-बसों का पांच दिन तक बिना यात्रियों के संचालन परीक्षण किया गया। इस दौरान अलग-अलग रूट पर बसों की टाइमिंग, ट्रैफिक के बीच संचालन और पूरी व्यवस्था की जांच की गई। ट्रायल सफल रहने के बाद अब यात्रियों के साथ बसें चलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। 

भोपाल में ई-बस सेवा केंद्र सरकार की PM-eBus Sewa योजना के तहत संचालित की जा रही है। इसके तहत साल 2026 के अंत तक शहर के 10 अलग-अलग रूट पर 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। अभी तक 21 ई-बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं।  बसों को खड़ा करने और चार्ज करने के लिए संत हिरदाराम नगर में अलग डिपो भी तैयार किया गया है। 

ई-बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए ऑटोमैटिक हाइड्रोलिक व्हीलचेयर लिफ्ट भी लगाई गई है। इससे व्हीलचेयर से सफर करने वाले यात्रियों को बस में चढ़ने और उतरने में आसानी होगी। यात्रियों के साथ ट्रायल पूरा होने के बाद 15 अगस्त को ई-बस सेवा के आधिकारिक शुभारंभ की तैयारी है। 100 बसों का पूरा नेटवर्क शुरू होने के बाद भोपाल की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply