देश

वृंदावन में बांकेबिहारी के दर्शन के लिए पहुंची बुजुर्ग महिला को लगा करंट

वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं में रविवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। मंदिर के निकट गली नंबर-3 में लगे बिजली के पैनल बॉक्स से निकल रहे तारों में करंट आने से एक बुजुर्ग महिला उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही महिला घबराकर जोर-जोर से राधे-राधे पुकारने लगी। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत महिला को संभाला, उसके हाथ मलकर प्राथमिक सहायता दी और सुरक्षित स्थान पर बैठाया। कुछ देर बाद उसकी हालत सामान्य हुई।

घटना के बाद श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। श्रद्धालुओं का कहना था कि जिस मार्ग से हर दिन हजारों श्रद्धालु होकर गुजरते हैं, वहां खुले तारों में करंट दौड़ना गंभीर लापरवाही है। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। 

पुलिस ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पैनल बॉक्स की जांच शुरू की। तकनीकी खराबी मिलने पर कर्मचारियों ने पैनल की मरम्मत की और करंट की समस्या को दूर किया। मरम्मत के बाद अधिकारियों के निर्देश पर पैनल बॉक्स को पॉलीथिन से ढक दिया गया, ताकि बारिश या नमी के कारण दोबारा करंट फैलने की आशंका न रहे।


Leave a Reply