आकाशवाणी इंदौर में लोकरंग उत्सव का आयोजन आज
इंदौर : आकाशवाणी इंदौर और ‘वीर भारत न्यास’ के संयुक्त तत्वावधान में आज 17 मार्च (मंगलवार) को शाम 7:30 बजे से ‘लोकरंग उत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सांगीतिक कार्यक्रम आकाशवाणी परिसर स्थित मालवा हाउस, इंदौर में संपन्न होगा।
इसमें खंडवा की पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं उनकी मंडली द्वारा निमाड़ी लोकगीत व नृत्य, इटारसी के लोकप्रिय कलाकार बलिराम धुर्वे एवं साथियों द्वारा गोंडी लोकगीत व नृत्य, उज्जैन के हरिहरेश्वर पोद्दार एवं साथियों द्वारा मालवी लोकगीत व नृत्य, तथा छतरपुर के रामप्रसाद अहिरवार एवं उनके साथियों द्वारा बुंदेलखंड के लोकगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।
इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के कार्य परिषद् सदस्य श्री राजेश सिंह कुशवाह एवं मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार तथा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्री श्रीराम तिवारी उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर आकाशवाणी महानिदेशालय नई दिल्ली के निदेशक श्री राजीव कुमार जैन, आकाशवाणी भोपाल के उप महानिदेशक एवं क्लस्टर प्रमुख श्री लोकेश कुमार, और आकाशवाणी इंदौर के कार्यक्रम प्रमुख श्री राजेश पाठक अभियांत्रिकी प्रमुख अभय गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
