चुनावी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष
मुरैना: कैलारस जनपद की एंचौली पंचायत में वर्तमान सरपंच पति मुन्नी रामनिवास धाकड़ और चुनाव हारे गिर्राज धाकड़ के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों तरफ से फरसे, कुल्हाड़ी और लोहे की रोड चली। घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी को कैलारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिर्राज धाकड़ अपने ट्रैक्टर को बैक कर रहे थे। उसी समय सरपंच का बेटा वहां खड़ा था। सरपंच पक्ष का आरोप है कि गिर्राज ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की।
जबकि गिर्राज ने बताया कि वह फंसे ट्रैक्टर को जैक लगाकर निकाल रहे थे। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष भिड़ गए। तीन साल पहले हुए पंचायत चुनाव में मुन्नी रामनिवास धाकड़ और गिर्राज धाकड़ की पत्नी आमने-सामने थे। चुनाव में मुन्नी रामनिवास की जीत हुई, जबकि गिर्राज की पत्नी हार गईं। तब से दोनों पक्षों में रंजिश बनी हुई है और समय-समय पर विवाद होता रहता है। कैलारस थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है। घायलों का इलाज कैलारस अस्पताल में चल रहा है।
