सेनाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का पूरा साथ मिला: राजनाथ
जोधपुर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने सेनाओं का पूरा साथ दिया जिससे यह साबित होता है कि देश का हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक और समर्पित है। श्री सिंह ने सोमवार को यहां रक्षा एवं खेल अकादमी के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि संकट के समय यदि नागरिक विशेष रूप से युवा अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहे तो देश इस तरह की स्थिति का मजबूती से सामना करा सकता है।
उन्होंने कहा ,“ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों ने सशस्त्र बलों को पूर्ण समर्थन दिया, जो इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सरकार या सेना की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि नागरिक विशेषकर युवा, अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक और समर्पित रहें, तो देश किसी भी कठिनाई का सामना कर सकता है और मजबूत बन सकता है।
रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान युवाओं के उत्साह और दृढ़ संकल्प की सराहना की। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम में कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले का करारा जवाब दिया और निर्धारित लक्ष्यों को सटीकता के साथ हासिल किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करता। उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों की धर्म के आधार पर उनकी हत्या की, वहीं भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकवादियों को शरण देने वालों का उनके कर्मों के आधार पर खात्मा किया। उन्होंने इस ऑपरेशन को नए भारत की पहचान बताया।
