जेटली को दी श्रद्धांजलि
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें यहां अरुण जेटली पार्क में और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई प्रमुख नेताओं ने यहां अरुण जेटली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, कमलजीत सेहरावत, रामवीर बिधूड़ी और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी अरुण जेटली को पुष्पांजलि अर्पित की।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन करता हूं। सार्वजनिक जीवन में अपनी सादगी और शुचिता से उच्च आदर्श स्थापित करने वाले श्री जेटली का संपूर्ण जीवन भारत की उन्नति और प्रगति को समर्पित रहा। राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के उनके प्रयास हम सभी को देशसेवा के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
