हत्या का तीसरा आरोपी पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्वालियर: महाराजपुरा में नशा मुक्ति केंद्र में बैंक के फील्ड मैनेजर की हत्या के तीसरे आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक अन्य नशा मुक्ति केंद्र के पास से गिरफ्तार कर – लिया। पुलिस की पकड़ में आए तीसरे आरोपी का नाम भगवान सिंह उर्फ धर्मेन्द्र सिंह जादौन पुत्र उदयभान सिंह जादौन निवासी सिंधी कॉलोनी कंपू है। बुधवार सुबह महाराजपुरा थाने में मुखबिर ने सूचना दी कि गोल्डन संस्कार नशा मुक्ति केंद्र में नीएनबी बैंक के फील्ड मैनेजर पंकज शर्मा की हत्या का आरोपी शांति नशा मुक्ति केंद्र पटरी रोड गोला का मंदिर पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर राजीव सौलंकी पुलिस टीम को लेकर वहां पहुंचे और हत्यारोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। मुखबिर ने जो बताया था वह सही निकला और एक युवक पटरी रोड पर खड़ा नजर आया। पुलिस ने इसे पकड़ लिया और पूछताछ शुरु की तो आरोपी भगवान सिंह उर्फ धर्मेन्द्र सिंह जादौन ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। बता दें कि बैंक के फील्ड मैनेजर की हत्या के आरोप में दो आरोपी पहले से पकड़े जा चुके हैं।
