मध्य प्रदेश

तीर्थयात्रियों से धोखाधड़ी का आरोप

रामेश्वरम-तिरुपति यात्रा का दिया था पैकेज, भोपाल से लौटना पड़ा वापस
इंदौर
: तीर्थयात्रा के नाम पर सौ से अधिक श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पीड़ित तीर्थयात्रियों ने मल्हारगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि दशामाता टूर एंड ट्रेवल्स के संचालक अंकित मालवीय ने रामेश्वरम, तिरुपति, कन्याकुमारी और मदुरै यात्रा का पैकेज बेचकर उनसे रुपए तो ले लिए, लेकिन यात्रा पूरी नहीं कराई.शिकायतकर्ताओं ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि 29 जून को तय कार्यक्रम के मुताबिक सभी यात्री सुबह आठ बजे ट्रेवल्स दफ्तर पर पहुंच गए थे.

कई बार कॉल करने के बाद दोपहर 12 बजे तीन बसों से उन्हें भोपाल रवाना किया. लेकिन वहां रेलवे स्टेशन पहुंचते-पहुंचते शाम के 4 बज गए. जब यात्री प्लेटफॉर्म पर पहुंचे तो पता चला कि किसी भी यात्री की बुकिंग नहीं थी, जिससे ट्रेन छूट गई है. ट्रेन छूटने के बाद यात्री वापस इंदौर लौटने को मजबूर हो गए. जब इस संबंध में अंकित मालवीय से बात की गई तो उसने यात्रियों पर ही देरी का आरोप लगाया और दावा किया कि टिकट उसके पास हैं.

साथ ही उसने यह भी कहा कि हलवाई और अन्य स्टाफ को वह पहले ही भेज चुका था. मल्हारगंज थाना प्रभारी वेदेन्द्र कुशवाह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. तीर्थयात्रियों में आक्रोश है और उन्होंने मांग की है कि ट्रेवल्स संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल शिकायतकर्ताओं के आवेदन पर जांच की जा रही है.

Leave a Reply