कनाडा जायेंगे मोदी, जी-7 की बैठक में भाग लेने
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-7 देशों की शिखर बैठक में शामिल होने इस महीने कनाडा जायेंगे। यह बैठक 15 से 17 जून तक अलबर्टा प्रांत के कनानास्किस में होनी है।श्री मोदी ने शुक्रवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क जे कार्नी ने उन्हें फोन कर जी -7 की बैठक का न्यौता दिया। उनकी इस पोस्ट से पिछले कुछ दिनों से भारत के इस बैठक में शामिल होने को लेकर लगायी जा रही अटकलों पर विराम लग गया है।
श्री मोदी ने कहा, “ प्रधानमंत्री मार्क जे कानी का फोन आने पर प्रसन्नता हुई। मैंने उन्हें हाल के चुनावों में मिली विजय के लिए बधाई दी और कनानास्किस में इस महीने होने वाली जी-7 की बैठक में भाग लेने का आमंत्रण देने के लिए धन्यवाद दिया।”श्री मोदी ने कहा कि दोनों जीवंत लोकतंत्र जनता के आपसी संपर्क से जुड़े हुये हैं। दोनों देश आपसी सम्मान और साझा हितों को लेकर अपने संबंधों को आगे बढ़ायेंगे। उन्होंने कहा, “ मैं सम्मेलन के दौरान आपके (श्री कार्नी) साथ बैठक को लेकर उत्सुक हूं।”
जी-7 देशों में कनाडा, अमेरिका, फ्रांस, जापान, जर्मनी, ब्रिटेन तथा इटली शामिल हैं। श्री मोदी इस शिखर बैठक में विशेष आमंत्रित के तौर पर भाग लेंगे।भारत के कनाडा के साथ पिछले कुछ समय से राजनयिक संबंधों में तनाव के कारण इस वर्ष कनाडा की मेजबानी में हो रही शिखर बैठक में भारत की भागीदारी को लेकर संशय बना हुआ था।
