विदेश

आतंकवाद के खिलाफ, भारत के प्रति जताया समर्थन सिंगापुर ने 

सिंगापुर: सिंगापुर ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के प्रति पुरजोर समर्थन व्यक्त किया है।जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष एवं सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां सिंगापुर की विदेश एवं गृह राज्य मंत्री सुश्री सिम एन से मुलाकात की।सिंगापुर सरकार में वरिष्ठ राज्य मंत्री सुश्री सिम एन ने कहा कि सिंगापुर आतंकवाद के सभी कृत्यों की कड़ी निंदा करता है और आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सिंगापुर और भारत करीबी भागीदार हैं और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के प्रयास जारी रखेंगे।

सिंगापुर में भारतीय दूतावास ने एक विज्ञप्ति में बताया कि बैठक में श्री संजय कुमार झा ने सिंगापुर सरकार को पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद की घटनाओं, ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ भारत की रणनीति में न्यू नाॅर्मल पर भारत के रुख के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ भारत के एकजुट संकल्प को व्यक्त करने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एक साथ लाया है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि पहलगाम में आतंकवादी हमला केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में शांति, विकास और सामान्य स्थिति को बाधित करने का एक प्रयास था। भारत सरकार ने यह आवश्यक समझा कि 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले के अपराधियों और योजनाकारों को न्याय के कटघरे में लाया जाए। आतंक के इस जघन्य कृत्य के जवाब में, भारत ने विशेष रूप से आतंकवादी ढांचे के खिलाफ लक्षित ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। भारत की प्रतिक्रिया संतुलित, गैर-उग्र, आनुपातिक और जिम्मेदाराना थी।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में एक नया मानक स्थापित किया है। अगर भारत पर कोई आतंकवादी हमला होता है, तो भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देगा। भारत किसी भी परमाणु ब्लैकमेल को बर्दाश्त नहीं करेगा। भारत परमाणु ब्लैकमेल की आड़ में विकसित हो रहे आतंकवादी ठिकानों पर सटीक और निर्णायक हमला करेगा। भारत आतंकवाद को प्रायोजित करने वाली सरकार और आतंकवाद के मास्टरमाइंड के बीच कोई अंतर नहीं करेगा।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र और एफएटीएफ जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सिंगापुर के समर्थन का अनुरोध किया। करीबी दोस्तों और भागीदारों के रूप में भारत और सिंगापुर आतंकवाद के मुद्दे सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम करना जारी रखेंगे

Leave a Reply