सुनील आनंद का निधन
मशहूर अभिनेता देव आनंद और एक्ट्रेस कल्पना कार्तिक के बेटे अभिनेता-फिल्ममेकर सुनील आनंद नहीं रहे। उनका लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, परिवार के एक सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी। लंदन के जिस अस्पताल में सुनील आनंद का निधन हुआ, साल 2011 में इसी अस्पताल में देव आनंद ने भी आखिरी सांस ली थी।
सुनील आनंद ने अपने करियर की शुरुआत बतौर अभिनेता फिल्म ‘आनंद और आनंद’ से की थी, यह फिल्म साल 1984 में रिलीज हुई। इसके बाद वह साल 1986 में फिल्म ‘कार थीफ’ में नजर आए। आगे चलकर उन्होंने ‘मैं तेरे लिए (1988)’ और ‘मास्टर (2001)’ नाम की फिल्मों भी अभिनय किया। लेकिन जितनी पहचान देव आनंद को बॉलीवुड में मिली, वैसी शोहरत सुनील आनंद को नहीं मिल सकी।
सुनील आनंद बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई करने के बाद अभिनय की दुनिया में आए थे। सुनील आनंद का जन्म 30 जून 1956 को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख शहर में हुआ था। उन्होंने अमेरिकन यूनिवर्सिटी, वाशिंगटन डी.सी. से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में डिग्री हासिल की है। आगे चलकर हांगकांग में मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली थी। बाद में उन्होंने पिता देव आनंद से प्रेरणा लेकर फिल्मों में कदम रखा। पहले अभिनेता बने और उसके बाद निर्देशक के तौर कुछ फिल्में बनाईं। साथ ही वह नवकेतन फिल्म्स को भी चलाते थे.
