तीन घंटे फंसते रहे स्कूल-कॉलेज के बच्चे और एंबुलेंस
शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल लवकुश चौराहे पर ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। एक ओर बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर आसपास की सर्विस रोड का काम भी चल रहा है। निर्माण कार्य की वजह से आम लोगों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी ने चौराहे के दोनों ओर की सड़कों की खुदाई एक साथ कर दी है।
यदि पहले एक तरफ का निर्माण कार्य पूरा कर दूसरी ओर काम शुरू किया जाता, तो लोगों को इतने बड़े ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ता।सुबह करीब 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया। हालांकि, भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण पुलिस को भी व्यवस्था सामान्य करने में तीन घंटे से अधिक समय लग गया
फिलहाल चौराहे के दोनों ओर सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा पड़ा हुआ है और जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं। इसके कारण वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। नतीजतन वाहन रेंग-रेंगकर गुजर रहे हैं और सुबह-शाम लोगों को लंबी जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा नहीं किया जाएगा और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर नहीं बनाया जाएगा, तब तक लवकुश चौराहे पर जाम की समस्या से राहत मिलना मुश्किल है।
