छात्रों के समर्थन में आए सलमान खान बोले- आंदोलन का राजनीतिकरण न हो
बॉलीवुड और साउथ के कई सितारों ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है। वहीं अब सलमान खान ने भी इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिख कर छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने अपील की है कि इस मामले का राजनीतिकरण ना हो।
आज शाम को एक्स पर सलमान खान ने लिखा ‘यह बहुत ही शांतिपूर्ण आंदोलन था। बहुत दुख की बात है कि इसने हिंसक रूप ले लिया। जो छात्र और उनके परिवार घायल हुए, उनके प्रति मेरी पूरी संवेदना है। पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है। मुझे यह देखकर खुशी है कि हमारे देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया है।
अभिनेता ने आगे लिखा ‘मैं उनके इस कदम की सच में सराहना करता हूं। उन्होंने लगन, ईमानदारी और कड़ी मेहनत करके अपना भविष्य बनाने और एक बेहतर, शिक्षित भारत के निर्माण के प्रति अपना उत्साह दिखाया है। यह आंदोलन या विरोध प्रदर्शन ही सही तरीका है, और छात्रों ने इसे शांतिपूर्ण ढंग से किया है। शिक्षा के प्रति प्रेरित और उत्साहित यह पीढ़ी भारत का नाम रोशन करेगी।
