नड्डा का राहुल गांधी पर निशाना छात्रों के आंदोलन पर न सेंके सियासी रोटियां
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा बुधवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे मुद्दों और छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण न हो। जेपी नड्डा ने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा जांच का विषय है।
जेपी नड्डा ने कहा, “विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय संसद में एक प्रस्तुति दी, जिसमें उन्होंने लगभग 150 दस्तावेज लीक का जिक्र किया। यह जांच का विषय है। एक जिम्मेदार सरकार होने के नाते, निश्चित रूप से इसकी जांच करेगी और जनता और राष्ट्र के सामने सच्चाई पेश करेगी
नड्डा ने गिनाए विपक्ष की सरकारों में हुए पेपर लीक
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में सर्विस सेलेक्शन बोर्ड की परीक्षा में पेपर लीक हुआ, जहां पर नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस की सरकार है। इसी तरह से हिमाचल प्रदेश में राज्य के स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड में पेपर लीक हुआ, जहां कांग्रेस की सरकार है। झारखंड में जेएसी में हिंदी और विज्ञान के पेपर लीक हुए, वहां झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस की सरकार है। तेलंगाना में इंटरमीडिएट के लैंग्वेज और एसएससी में लैंग्वेज के पेपर लीक हुए, वहां पर कांग्रेस और सीपीआई के समर्थन वाली सरकार है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में बीएड की परीक्षा में भी पेपर लीक हुआ, वहां भी विपक्ष की सरकार थी। पश्चिम बंगाल में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती का पेपर लीक हुआ, वहां टीएमसी की सरकार थी। पंजाब में पंजाब सबॉर्डिनेट्स सर्विस सेलेक्शन बोर्ड के ग्रुप डी का पेपर लीक हुआ और नकल भी हुई। इसी तरह से केरल में राज्य में पीएसी की 26 परीक्षाओं में अनियमितताएं हुईं।
