मध्य प्रदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव बोले-गांधी के नाम पर राजनीति करने वाले ‘नकली गांधी’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी के नाम का हमेशा राजनीतिक दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में “सब नकली गांधी हैं”, जिन्होंने कभी भी गांधी जी के विचारों और आदर्शों का सम्मान नहीं किया, बल्कि उनका दमन किया। गांधी जी के नाम का उपयोग करने वाली कांग्रेस भगवान श्रीराम विरोधी है, यही कारण है कि जैसे ही वीबी-जी रामजी योजना से राम नाम जुड़ा, कांग्रेस इसका विरोध करने लगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीबी-जी रामजी योजना को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी ने देश में मूल्यपरक, सिद्धांतनिष्ठ और राष्ट्रहित आधारित राजनीति की स्पष्ट दिशा तय की है। 

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का निर्णय सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिया गया, जिसे सभी पक्षों ने स्वीकार किया, लेकिन कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि न तो भूमिपूजन में शामिल हुआ और न ही गांधी परिवार का कोई सदस्य आज तक भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए गया। यह कांग्रेस की राम विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं करती, जबकि कांग्रेस सत्ता और परिवारवाद की राजनीति करती रही है।

Leave a Reply