हमारी नैतिक जिम्मेदारी है पर्यावरण संरक्षण: रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वस्थ पर्यावरण को सुखद जीवन और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला करार देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा साझा दायित्व और नैतिक जिम्मेदारी है।श्रीमती गुप्ता ने विश्व पर्यावरण दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए गुरुवार को कहा, “पर्यावरण संरक्षण कोई विकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा साझा दायित्व और नैतिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ पर्यावरण ही सुखद जीवन और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने जैसे कई सार्थक कदम उठाए हैं, लेकिन असली बदलाव तब आएगा, जब जन-भागीदारी इसके साथ जुड़ेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि आइए, इस विश्व पर्यावरण दिवस पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपनी राजधानी दिल्ली को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण-मुक्त बनाने में अपना सक्रिय योगदान देंगे।
