विदेश

गाजा में हमास नेता और दो शीर्ष कमांडरों की हत्या की पुष्टि

यरूशलम: इजरायल की सेना ने इस महीने की शुरुआत में हवाई हमले में हमास के वरिष्ठ कमांडर एवं गाजा में समूह की सैन्य शाखा के प्रमुख मोहम्मद सिनवार और दो शीर्ष कमांडरों के मारे जाने की पुष्टि की है।एक संयुक्त बयान में इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) और शिन बेट घरेलू खुफिया एजेंसी ने कहा कि सिनवार गत 13 मई को दक्षिणी गाजा में यूरोपीय अस्पताल के नीचे स्थित एक भूमिगत कमांड सेंटर पर लक्षित हमले में मारा गया।

बयान में कहा गया कि इसके बाद राफा ब्रिगेड के प्रमुख मोहम्मद शबाना तथा खान यूनिस बटालियन का नेतृत्व करने वाले महदी क़ुरा हमले में मारे गये।आईडीएफ ने सिनवार(49) को हमास के सबसे वरिष्ठ और लंबे समय से सेवारत सैन्य नेताओं में से एक बताया। उसकी सात अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर हमले की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका थी।आईडीएफ के अनुसार, दोनों कमांडर सात अक्टूबर के हमले में शामिल थे और उसके बाद उन्होंने इज़राइली सैनिकों पर हमलों की योजना बनाई, जिनमें बंधकों का प्रबंधन और रॉकेट हमले शामिल थे।

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने पहले कहा था कि हमले में कम से कम छह लोग मारे गए और 40 घायल हो गए। हमास ने सिनवार की मौत की पुष्टि करते हुए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि सात अक्टूबर से इजरायल के सैन्य अभियान में मरने वालों की संख्या 54,381 हो गयी है, जबकि 124,054 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 18 मार्च को युद्ध फिर से शुरू होने के बाद से 4,117 लोग मारे गए हैं और 12,013 लोग घायल हुए हैं।

Leave a Reply