तीन दुकानों में लगी आग गाड़ियां जलकर हुई राख
दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र के बजरंगपुरा में भीषण आग से हड़कंप मच गया. आग पहले एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में लगी और फिर तेजी से फैलते हुए पास की दो अन्य दुकानों और एक ऑटो गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में गैरेज में मरम्मत के लिए रखी गईं सात दोपहिया गाड़ियां जलकर खाक हो गईं.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुशवाह नगर से सटी बजरंगपुरा गली में राहुल रावत की ऑटो पार्ट्स की दुकान से आग की लपटें उठती देखी गईं.
आग इतनी तेजी से फैली कि पास में स्थित विजय मालवीय की मोटर बाइंडिंग की दुकान और कृष्णा ऑटो गैरेज भी चपेट में आ गए. गैरेज संचालक ने बताया कि हादसे के वक्त अंदर सात गाड़ियां सुधारने के लिए खड़ी थीं, जो पूरी तरह जल गईं. फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन तीनों दुकानों का लाखों का सामान जलकर राख हो गया है.
