पंडित नेहरू ने किया देश को सुदृढ़ करने का काम: यादव
नयी दिल्ली:दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा है कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने शैक्षिक, वैज्ञानिक, औद्योगिक, तकनीकी, सामाजिक और आर्थिक संस्थानों की नींव रख कर भारत को सुदृढ़ करने का काम किया है।श्री यादव ने पं. नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि के अवसर मंगलवार शाम पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में कहा, “ पं. नेहरू ने आजादी मिलने पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालते हुये भारत को सुदृढ़ बनाने के लिये कई शैक्षिक, वैज्ञानिक, औद्योगिक, तकनीकी, सामाजिक और आर्थिक संस्थानों की नींव रखी थी, वे आज के भारत की रीढ़ हैं और हमारी प्रगति के स्तंभ के रूप में देश को मजबूती दे रहे हैं। उन्हीं का योगदान है कि विज्ञान और तकनीक के सहारे आज हम आधुनिक विश्व का मुकाबला करने में सक्षम हुये हैं। ”
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के विकसित देशों में जितनी बड़ी कम्पनियांं हैं, उनके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) भारतीय मूल के लोग हैं। उन्होंने कहा कि वे सीईओ पं. नेहरू द्वारा स्थापित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) से निकले हैं।उन्होंने कहा कि सशक्त और समावेशी भारत का सपना पूरा करने में पंडित नेहरू का अमूल्य योगदान है। उनकी विरासत, आदर्श, विचार, कर्तव्य परायणता से सदैव देश को नयी दिशा मिलती रहेगी।प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में श्री यादव के अलावा पार्टी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व विधायक एवं संचार विभाग के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज, प्रशासनिक प्रभारी जतिन शर्मा और अन्य नेता मौजूद थे।
